IND vs SL: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, असिस्टेंट कोच ने दिया इस्तीफा
Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे से पहले सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपने फैसले से अवगत करा दिया था।
अब वह एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंग्लैंड दौरे पर भारत को टी20 और वनडे दोनों सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान रयान टेन डोशेट ने अपना पद छोड़ने का निर्णय लिया। श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा के साथ ही उनके इस्तीफे की जानकारी भी सामने आई।
गौतम गंभीर के भरोसेमंद सहयोगी थे
रयान टेन डोशेट जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के बाद सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे।

बल्लेबाजी और फील्डिंग विभाग में उनकी अहम भूमिका रही। टीम की रणनीति तैयार करने और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
KKR में फिर दिखेगी पुरानी जोड़ी
टेन डोशेट अब कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ नई भूमिका निभाएंगे। वहां उनकी जोड़ी एक बार फिर अभिषेक नायर के साथ बनेगी। KKR से उनका पुराना रिश्ता रहा है।
खिलाड़ी के रूप में उन्होंने 2012 और 2014 में टीम को आईपीएल खिताब दिलाने में योगदान दिया था। बाद में 2022 से 2024 तक वह फ्रेंचाइजी के फील्डिंग कोच भी रहे। इसी दौरान गौतम गंभीर टीम के मेंटर थे और KKR ने एक और आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी।
भारतीय टीम के साथ अपने कार्यकाल में रयान टेन डोशेट ने कई महत्वपूर्ण सफलताओं का हिस्सा रहे। इस दौरान भारत ने 2025 एशिया कप जीता और 2026 टी20 विश्व कप का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा और ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड तथा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद टीम की रणनीति पर सवाल भी उठे।
श्रीलंका दौरे से पहले बढ़ी BCCI की चुनौती
भारत को अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे समय में असिस्टेंट कोच का इस्तीफा टीम मैनेजमेंट के लिए चुनौती माना जा रहा है।
अब BCCI के सामने नए असिस्टेंट कोच की नियुक्ति और सपोर्ट स्टाफ में संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि रयान टेन डोशेट की जगह किसे यह अहम जिम्मेदारी सौंपी जाती है।

