राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- बलात्कारियों का बचाव करने वाले को बनाया शिक्षा मंत्री

Lok Sabha: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर तीखा हमला बोला। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवाओं के आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया है, जो बलात्कारियों का बचाव करने वाला है।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री के पास कई विकल्प थे, लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी, जिसे लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर सदन में हंगामा

इससे पहले लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बिलकीस बानो मामले से जुड़ी एक अखबार में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए शिक्षा मंत्री पर टिप्पणी की थी। इसके बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ा विरोध जताया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोपों को निराधार और चरित्र हनन करने वाला बताया तथा कहा कि यदि आरोपों के समर्थन में प्रमाण नहीं हैं तो प्रियंका गांधी को सदन से माफी मांगनी चाहिए।

प्रह्लाद जोशी ने किया आरोपों का खंडन

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कहा कि सदन में बिना तथ्यों के इस तरह के आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। वहीं, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि बिना साक्ष्य किसी पर आरोप लगाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सांसद से माफी मांगने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, प्रियंका गांधी ने कहा कि वह उचित माध्यम से अपने बयान के समर्थन में तथ्य प्रस्तुत करेंगी।

Also Read: CM योगी के निर्देश पर बुनकरों की बिजली बिल मांग पर मंथन, फ्लैट रेट व्यवस्था पर हुई चर्चा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.