अतीक अहमद की 110 करोड़ की संपत्ति कुर्क, प्रयागराज पुलिस का बड़ा एक्शन
Prayagraj News: प्रयागराज पुलिस ने माफिया अतीक अहमद (मृतक) के आर्थिक साम्राज्य पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त न्यायालय के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत अतीक से जुड़ी करीब 110 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश और डीजीपी राजीव कृष्ण के माफिया विरोधी अभियान के तहत की गई है।
पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्ति प्रयागराज के सदर तहसील क्षेत्र के भीटी ताल्लुका असदुल्लापुर और कटहुला गौसपुर में स्थित है। इसका कुल क्षेत्रफल 51,126.68 वर्गमीटर यानी करीब 20.38 बीघा है। इन संपत्तियों की बाजार कीमत लगभग 1 अरब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।
बेनामी संपत्तियों की भी हुई जांच
पुलिस जांच में सामने आया कि अतीक अहमद ने कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से कई जमीनें खरीदी थीं। आरोप है कि कुछ संपत्तियां मदन लाल भारतीया के नाम से बेनामी तरीके से दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने बताया कि इन जमीनों की कुल कीमत करीब 2.5 अरब रुपये आंकी गई थी।

इससे पहले उप जिलाधिकारी सदर प्रयागराज ने राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत मदन लाल भारतीया के नाम दर्ज 6.5003 हेक्टेयर जमीन को सरकारी बंजर खाते में दर्ज कर दिया था।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
कुर्क की गई संपत्तियों की निगरानी की जिम्मेदारी थाना प्रभारी एयरपोर्ट प्रयागराज को दी गई है। प्रशासन ने राजस्व रिकॉर्ड में कार्रवाई दर्ज कराने और जमीनों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने कहा है कि अतीक अहमद के अवैध आर्थिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों की भी जांच जारी है। जांच में सामने आने वाली संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोले- बलात्कारियों का बचाव करने वाले को बनाया शिक्षा मंत्री

