योगी सरकार की दिवाली पर खास पहल, गोमाता के नाम जलेगा दीया, युवा लेंगे संरक्षण का संकल्प

Ek Diya Gomata Ke Naam Campaign: उत्तर प्रदेश में दीपावली 2026 पर योगी सरकार ‘एक दीया गोमाता के नाम’ अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रदेश के 7,500 से अधिक गो संरक्षण केंद्रों और निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों को दीयों से रोशन करने की योजना है।

अभियान के जरिए गो संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ युवाओं को इसके लिए संकल्प दिलाया जाएगा। वहीं, गो आधारित उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं और किसानों के लिए कमाई के अवसर तैयार करने पर भी जोर रहेगा।

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गो आधारित उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार गो उत्पादों और उनसे बनी वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनकी बिक्री से महिलाओं को अतिरिक्त आय कमाने का अवसर मिलेगा। दीपावली पर गो आधारित उत्पादों से बने उपहारों को भी प्रोत्साहित करने की योजना है।

गोशालाओं में ग्रामीणों के साथ मनेगी दीपावली

दीपावली के अवसर पर गोशालाओं और निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा, ताकि त्योहार की खुशियों के साथ गो संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचे। सरकार गोशालाओं को केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदाय की सहभागिता और जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।

गो आधारित उत्पादों से बढ़ेगी महिलाओं की आय

गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता (Shyam Bihari Gupta) ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और मेहनत के दम पर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिलेगा। दीपावली पर इन उत्पादों की मांग बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में इनके निर्माण और बिक्री को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

अभियान के तहत महिलाओं और युवाओं को निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गो आधारित उत्पादों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी जाएगी। सरकार की इस पहल (Ek Diya Gomata Ke Naam) में धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा को सामाजिक भागीदारी और ग्रामीण स्वावलंबन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसका लक्ष्य गोवंश के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के अवसर तैयार करना है।

Also Read: योगी सरकार का बिजली उपभोक्ताओं को दिवाली गिफ्ट, नवंबर के बिल में 9.17% की मिलेगी छूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.