IIT प्रोफेसर पर घरेलू हिंसा, वैवाहिक दुष्कर्म और अनैतिक संबंधों के गंभीर आरोप, पत्नी ने दर्ज कराई FIR
Kanpur News: आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव के खिलाफ उनकी पत्नी और संस्थान की ही असिस्टेंट प्रोफेसर अन्वेष्णा श्रीवास्तव ने घरेलू हिंसा, वैवाहिक दुष्कर्म, दूसरी महिलाओं से अनुचित संबंधों और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एसीपी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि सबूतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, आरोपी प्रोफेसर ने सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है। इस मामले ने शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया है।
13 साल की शादी में बिगड़ते रिश्ते
एफआईआर के अनुसार, अन्वेष्णा और निशीथ की शादी दिसंबर 2012 में हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा बेटा साढ़े छह साल का है। वर्ष 2025 से पति-पत्नी के बीच तनावपूर्ण वातावरण बनना शुरू हुआ। आरोप है कि दिसंबर 2025 में प्रोफेसर निशीथ ने अपनी पत्नी के सामने यह कबूल किया कि 2022 में उन्होंने अपनी एक विवाहित पीएचडी छात्रा के साथ अपने ही ऑफिस में चार बार शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके अलावा, नवंबर 2025 से वे एक महिला प्रोफेसर से भी अनुचित संबंधों में हैं। जब पत्नी ने विरोध किया तो पति ने उसे सहनशीलता बढ़ाने की सलाह दी, जिससे वह स्तब्ध रह गईं।
पति पर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप
अन्वेष्णा ने अपनी शिकायत में कई दर्दनाक घटनाओं का जिक्र किया है। आरोप है कि 11 नवंबर, 2025 को प्रोफेसर निशीथ ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, खौलती हुई चाय फेंकी, शादी की तस्वीरों को हथौड़े से तोड़ दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 15 जनवरी, 2026 को उन्होंने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और चेहरे व सिर पर बेरहमी से थप्पड़ मारे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना उनके छोटे से मासूम बेटे के सामने घटी, जिसने बाद में सुरक्षा गार्डों को पूरा सच बताया।
पति ने किया दुष्कर्म का प्रयास
शिकायत में आगे बताया गया है कि 30 अप्रैल 2026 को मानसिक तनाव के कारण अन्वेष्णा को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इसके बाद 4 जुलाई 2026 को प्रोफेसर निशीथ ने उनकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया, जिसे वैवाहिक दुष्कर्म माना जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति ने घर में घुसने से रोका, सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी निगरानी की और रिश्तेदारों के साथ अभद्रता की। इसके अलावा, घर के रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और अधिकांश घरेलू खर्च उन्हें स्वयं वहन करने पड़े, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस जांच जारी, IIT प्रशासन पर भी दबाव
वर्तमान में पति-पत्नी IIT कानपुर द्वारा आवंटित अलग-अलग आवासों में रह रहे हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद कल्याणपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। एसीपी दिलीप कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत में दिए गए सबूतों और आरोपों की बिंदुवार जांच की जा रही है। वहीं, IIT कानपुर प्रशासन पर भी इस मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि संस्थान के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों के बीच ऐसा विवाद कैसे हो सकता है और क्या संस्थान ने समय रहते कोई कदम उठाया?
प्रोफेसर निशीथ ने झुठलाए आरोप, बोले- मैं स्तब्ध हूं
आरोपों के जवाब में प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव ने एक बयान जारी कर सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा, मैं इन झूठे और मनगढ़ंत आरोपों से स्तब्ध हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस शिकायत और मीडिया अभियान के वास्तविक कारण जांच के दौरान सामने आ जाएंगे। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह गंभीरता और तत्परता से नजर बनाए रखे और अपुष्ट आरोपों को सनसनीखेज ढंग से न प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि सत्य जल्द ही सामने आएगा।
Also Read: फायरिंग का आदेश DM देता है, मंत्री नहीं, राहुल गांधी के आरोपों पर जितेंद्र सिंह का पलटवार

