20 करोड़ कैश और 15 किलो सोना, पूर्व बस ड्राइवर के घर से मिला करोड़ों का खजाना
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई में पूर्व सरकारी बस ड्राइवर के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर देउचा इलाके में स्थित मीनार मंडल के घर पर देर रात छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 20 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोने के बिस्कुट मिले। नकदी को 35 बोरियों में भरकर रखा गया था। पुलिस ने पूरे कैश और सोने को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
5 मशीनों से हुई नोटों की गिनती
पुलिस के अनुसार, मीनार मंडल पहले सरकारी बस ड्राइवर था और वह इलाके के पत्थर कारोबारी टुलू मंडल की पत्नी का भाई है। छापेमारी के दौरान इतनी अधिक नकदी मिली कि उसकी गिनती के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगानी पड़ीं। बरामद रकम को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने पांच बड़े लोहे के बक्सों का भी इस्तेमाल किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मामला पत्थर उद्योग से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा हो सकता है। पुलिस के मुताबिक, टुलू मंडल की एजेंसी पर तीन जिलों के पत्थर उद्योगों के प्रवेश द्वारों से टैक्स वसूली का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि जहां हर महीने करीब 83 करोड़ रुपये सरकारी खाते में जमा होने चाहिए थे, वहां केवल 2 से 5 करोड़ रुपये ही जमा किए जा रहे थे। बाकी राशि कहां गई, इसकी जांच की जा रही है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
कार्रवाई के बाद मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी और जनता के पैसे की लूट करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे कांग्रेस प्रभारी, बोले- नहीं चलने देंगे शिक्षा पर बुलडोजर, संघर्ष रहेगा जारी

