जन्माष्टमी से पहले कृष्ण भक्तों के लिए योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मथुरा-वृंदावन घूमने का मौका

UP Tourism: ब्रज धाम की यात्रा का प्लान बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार ने तीन दिन और दो रात का खास ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज शुरू किया है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने इसे ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत तैयार किया है। यात्रा लखनऊ से सुबह 8 बजे शुरू होगी।

3 दिन में इन जगहों के होंगे दर्शन

पैकेज के पहले दिन वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र और प्रेम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। दूसरे दिन मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव, गोवर्धन धाम, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल का भ्रमण होगा।

तीसरे दिन बरसाना के राधारानी मंदिर, इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर के दर्शन के बाद श्रद्धालु लखनऊ लौटेंगे।

10 हजार से कम में भी यात्रा का विकल्प

परिवारों और छोटे समूहों को ध्यान में रखकर पैकेज की कीमत तय की गई है। क्रिस्टा वाहन में प्रति व्यक्ति 10,150 रुपये, जबकि सेडान में 10,400 रुपये देने होंगे। कम से कम दो यात्रियों की बुकिंग जरूरी है। पैकेज में होटल, नाश्ता, जलपान, हाई-टी, प्रशिक्षित गाइड और स्थानीय भ्रमण शामिल हैं। दोपहर और रात का खाना यात्रियों को खुद करना होगा।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस पहल से कृष्ण-ब्रज सर्किट को मजबूती मिलेगी। यूपीएसटीडीसी अध्यक्ष अमृत अभिजात के मुताबिक, पैकेज को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आध्यात्मिक अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

Also Read: यूपी के गांवों में शुरू हुआ कमाई का अनोखा मॉडल, 10 रुपये लीटर बिक रही ये चीज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.