Varanasi News: काशी के गेस्ट हाउस में मां-बेटे ने दी जान, एक दिन पहले पिता की भी हुई थी मौत
Varanasi News: वाराणसी के लक्सा स्थित एक गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी कारोबारी विशाल विनय मुखर्जी (53) की रविवार को बीमारी के चलते मौत हो गई। इसके अगले दिन सोमवार को उनकी पत्नी जया मुखर्जी (50) और बेटे ईशान मुखर्जी (29) की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया था। कमरे से एक पैकेट सल्फास मिला है, जबकि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
तीनों 7 अगस्त से वाची गेस्ट हाउस में ठहरे थे। विशाल की तबीयत पहले से खराब थी। रविवार को हालत बिगड़ने पर परिवार उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गया, जहां उनकी मौत हो गई।
कमरे में मृत मिले मां-बेटे
विशाल की अंत्येष्टि के बाद जया और ईशान सोमवार सुबह गेस्ट हाउस लौटे। इसके बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं आए। देर शाम तक दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं पुलिस को कमरे से सल्फास का पैकेट मिला, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शव को बरामद किया और मामले की जांच शुरू की।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक, शुरुआती जांच में कारोबारी के किसी काम के लिए लोन लेने की जानकारी सामने आई है। लंबी बीमारी के कारण इलाज का खर्च बढ़ गया था और कर्ज चुकाने में परेशानी हो रही थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं मोक्ष की प्राप्ति के लिए तो ऐसा कदम नहीं उठाया गया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोरेंसिक टीम ने गेस्ट हाउस के कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिवार के रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मां-बेटे की मौत के पीछे की सही वजह स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है।

