उमर के काफिले में कौन-कौन था शामिल, गाड़ियों के नंबरों से पुलिस कर रही पहचान
Umar Ahmed: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल से पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज पहुंचे बड़े बेटे उमर अहमद के काफिले की गाड़ियों की जांच तेज हो गई है। नवाबगंज और हथिगवां टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ने, कर्मचारियों से अभद्रता और वाहन चढ़ाने की कोशिश के आरोपों में दर्ज मुकदमों के बाद पुलिस CCTV फुटेज और गाड़ियों के नंबर खंगाल रही है।
नवाबगंज थाने की FIR में प्रयागराज की 10, लखनऊ की 9 और आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर व झांसी की एक-एक गाड़ी के अलावा दिल्ली की एक गाड़ी समेत कई अज्ञात वाहनों का जिक्र है। पुलिस के अनुसार कुछ वाहन मालिकों की पहचान हो चुकी है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
लखनऊ से साथ आए थे या रास्ते में जुड़े
पुलिस यह पता कर रही है कि गाड़ियां लखनऊ से ही काफिले में थीं या रास्ते में अलग-अलग जगहों से जुड़ीं। साथ ही निजी वाहनों में सवार लोगों के आपसी संबंध और उनके काफिले के पीछे प्रयागराज आने की वजह भी जांची जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इतने बड़े काफिले को किसके निर्देश पर रवाना किया गया था।
फतेहपुर में 21 वाहन चालकों पर केस
फतेहपुर में भी 8 अगस्त की घटना को लेकर 21 वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि अतीक के बेटे अली को झांसी से प्रयागराज ले जाते समय निजी वाहनों ने कटोघन और बड़ौरी टोल पर बिना भुगतान निकलने की कोशिश की और कर्मचारियों को धमकाया।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि CCTV और वाहन नंबरों से पहचान की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

