यूपी कांग्रेस में चुनावी रणनीति पर मंथन, राजेंद्र पाल गौतम और अजय राय की अहम बैठक

UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी ने रणनीतिक चर्चा तेज कर दी है। नई दिल्ली के इंदिरा भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) एवं यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने और प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी की रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी संगठन और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट है। बैठक के बाद पार्टी में अंदरूनी मतभेद और कथित अफवाहों को भी नेताओं ने खारिज किया।

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सरकार को घेरा

बैठक के बाद अजय राय ने करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से बने लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की गुणवत्ता को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही सड़क के कुछ हिस्सों में धंसने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा पुलों में दरार और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी शिकायतें मिलने का दावा किया।

राज्यपाल से उच्चस्तरीय जांच की मांग

अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय करने तथा जनता के धन के कथित दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की।

राय ने कहा कि यदि गोरखपुर की अव्यवस्था पर राज्यपाल की चिंता सार्वजनिक हो सकती है तो 4,200 करोड़ रुपये की इस परियोजना में कथित अनियमितताओं पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.