Prayagraj News: छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में MNNIT का प्रोफेसर गिरफ्तार

Prayagraj News: मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) में एक सहायक प्रोफेसर पर बीटेक की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर शिवकुटी पुलिस ने आरोपी शिक्षक को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि असिस्टेंट प्रोफेसर ने पढ़ाई के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुलाया और फेल करने की धमकी देकर उसके साथ अश्लील हरकत की। संस्थान प्रशासन ने भी संज्ञान लेते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया है और बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बीच, छात्रों ने संस्थान परिसर में प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठाई है।

पढ़ाई के बहाने बुलाकर की हैवानियत

पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली है और MNNIT में बीटेक थर्ड ईयर की छात्रा है। उसने अपनी तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उसके माता-पिता और बहन प्रयागराज आए थे। इसी दौरान कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर सौगतो राय (मूल निवासी कोलकाता) से उनकी मुलाकात हुई। छात्रा की मां ने पढ़ाई में सहायता का आग्रह किया, जिसके बाद प्रोफेसर ने उसे बार-बार अपने आवास पर बुलाना शुरू कर दिया।

6 अगस्त को माता-पिता के वापस जाने के बाद आरोपी ने स्नैपचैट के माध्यम से छात्रा से बातचीत शुरू की और आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा। फिर 9 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे उसने छात्रा को पढ़ाई के बहाने अपने कमरे में बुलाया। वहां उसने छात्रा को हाथ पकड़कर रोका और फेल करने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

संस्थान ने शुरू की बर्खास्तगी की प्रक्रिया

मामला सामने आने के बाद MNNIT प्रशासन हरकत में आया। संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. अंबक राय ने बताया कि आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BOG) की आपात बैठक में नियमानुसार बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। संस्थान प्रशासन ने पीड़ित छात्रा को सभी प्रकार की संस्थागत सहायता और कानूनी सहारा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।

इस बीच, मंगलवार को संस्थान परिसर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों के एक बड़े समूह ने एथलेटिक्स ग्राउंड पर प्रदर्शन किया और प्रशासनिक भवन के बाहर ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई, और परिसर में विशेषकर छात्रावासों व शिक्षकों के आवासीय क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Also Read: अतीक के बेटे आबान का भीषण एक्सीडेंट कैमरे में कैद, टक्कर के बाद हवा में उछली कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.