जामिया में 11 नए कोर्स शुरू, 8 सितंबर तक आवेदन का मौका, IPU काउंसलिंग टली
Jamia Admission 2026: जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने मौजूदा 49 कार्यक्रमों के अलावा 11 नए सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इन नए कोर्स में विदेशी भाषाओं, डिजिटल मीडिया और रोजगार से जुड़े कौशल पर खास ध्यान दिया गया है।
नए भाषा पाठ्यक्रमों में फ्रेंच, स्पेनिश, चीनी, फारसी, अरबी और रूसी के सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने डिस्टेंस और ऑनलाइन कार्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तारीख भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 8 सितंबर कर दी है।
कुलपति बोले- दूरदराज के छात्रों को मिलेगा लाभ
जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी ने कहा कि रोजगारपरक और कौशल आधारित कार्यक्रमों से उच्च शिक्षा के अवसर मजबूत होंगे। इससे दूरदराज के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ने का मौका मिलेगा।
सीडीओई निदेशक प्रो. असलम खान ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 8 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
BEd और MBA की प्रवेश परीक्षा अब 19 सितंबर को
बीएड और एमबीए (ओडीएल) की प्रवेश परीक्षा की तारीख भी बदल दी गई है। अब परीक्षा 19 सितंबर को जेएमआई परिसर में होगी। पहले इसे 22 अगस्त को आयोजित किया जाना था। परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड से मिलेगी।
वहीं, आईपीयू ने बीटेक, लेटरल एंट्री टू बीटेक, बीबीए/बीबीए-एमबीए इंटीग्रेटेड और बीसीए की 12 अगस्त से होने वाली ऑफलाइन स्पॉट राउंड काउंसलिंग स्थगित कर दी है। नया शेड्यूल बाद में जारी होगा।
Also Read: अतीक के बेटे आबान का भीषण एक्सीडेंट कैमरे में कैद, टक्कर के बाद हवा में उछली कार

