‘हैवान’ के टीजर ने बढ़ाया सस्पेंस, अक्षय विलेन तो सैफ निभा रहे नेत्रहीन केयरटेकर

Haiwaan Teaser: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ का टीजर बुधवार को रिलीज हो गया। मेकर्स ने कहानी को पूरी तरह सामने नहीं रखा है। कुछ शॉट्स और परछाइयों के जरिए फिल्म के माहौल में रहस्य और तनाव बनाए रखा गया है। फिल्म में अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है।

‘हैवान’ साल 2016 में रिलीज हुई मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘ओपम’ का हिंदी रीमेक है। इसकी कहानी एक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है, जिसमें एक खतरनाक कातिल और उसके शिकार के बीच चूहे-बिल्ली जैसा खेल चलता है।

सैफ की आंखें नहीं, बाकी इंद्रियां हैं तेज

सैफ अली खान फिल्म में एक नेत्रहीन व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं। वह रिटायर्ड जज के अपार्टमेंट में केयरटेकर हैं और मार्शल आर्ट्स भी जानते हैं। अपार्टमेंट में हाई-प्रोफाइल हत्या के बाद पुलिस को सैफ पर ही शक हो जाता है। अब उसे पुलिस से बचते हुए असली सीरियल किलर तक पहुंचना है। कातिल एक मासूम बच्ची के पीछे भी पड़ा है।

टीजर में अक्षय को विलेन के रूप में दिखाया गया है। एक सीन में सैफ घर के अंदर हैं, जबकि अक्षय शीशे के बाहर खंजर लिए नजर आते हैं। सैफ छड़ी का सहारा लेते हैं, लेकिन काफी सहजता से चलते दिखते हैं। इससे संकेत मिलता है कि उनकी सुनने और महसूस करने की क्षमता बेहद तेज है।

अक्षय-प्रियदर्शन फिर साथ

फिल्म में एक नेत्रहीन व्यक्ति और खूंखार कातिल के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। इससे पहले अक्षय और प्रियदर्शन ‘भूत बंगला’ में साथ आए थे, लेकिन फिल्म सफल नहीं रही थी। अब ‘हैवान’ में प्रियदर्शन निर्देशन संभाल रहे हैं और अक्षय अहम भूमिका में हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.