फर्रुखाबाद में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, मां से बोला- बहू को मारकर जा रहा हूं

Farrukhabad News: फर्रुखाबाद में मंगलवार रात पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना कादरीगेट थाना क्षेत्र के देवरामपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर के अंदर किसी भारी वस्तु से पत्नी के सिर पर हमला किया। वारदात के बाद उसने अपनी मां से कहा, “तेरी बहू को मारकर जा रहा हूं।”

इसके बाद आरोपी की मां सरस्वती पहली मंजिल पर पहुंचीं। वहां उनकी 32 वर्षीय बहू मीरा खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसका सिर गंभीर रूप से कुचला हुआ था। परिजनों के अनुसार, आरोपी सनी वर्मा की उम्र 38 वर्ष है और वह फॉल सीलिंग की ठेकेदारी करता है। आरोप है कि वह अक्सर नशे में घर आकर पत्नी से मारपीट करता था।

चार बच्चे नीचे सो रहे थे

सरस्वती के मुताबिक, घटना के समय सनी और मीरा पहली मंजिल पर थे, जबकि उनके चार बच्चे राम, दुर्गा, श्याम और खुशी नीचे सो रहे थे। रात करीब 11 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मीरा की हत्या कर दी गई।

ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से आरोपी का मोबाइल फोन मिला है, जबकि मीरा का मोबाइल वह अपने साथ ले गया।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर दबिश

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, सीओ सिटी अभय वर्मा और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सीओ के अनुसार, आरोपी की तलाश में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत कई संभावित स्थानों पर दबिश दी गई है। घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Also Read: यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा आरोपी, जवाबी फायरिंग में लगी गोली 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.