एलडीए घूसकांड में बढ़ा जांच का दायरा, विजिलेंस के रडार पर 11 इंजीनियर और PCS अधिकारी

LDA Bribery Case: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के चर्चित घूसकांड की जांच अब और आगे बढ़ गई है। विजिलेंस ने एलडीए के 11 इंजीनियरों और एक PCS अधिकारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू की है। आरोप है कि कुछ अधिकारियों ने अवैध निर्माणों को संरक्षण दिया और शिकायतों के निस्तारण में गड़बड़ी की। दलालों के जरिए काम कराने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।

जांच में शामिल 11 इंजीनियरों में एक सेवानिवृत्त हो चुका है, जबकि बाकी अधिकारी अभी सेवा में हैं। बुधवार को विजिलेंस टीम एलडीए मुख्यालय पहुंची और करीब ढाई घंटे तक संबंधित अधिकारियों से जुड़े दस्तावेज खंगाले। टीम ने अवैध निर्माण, शिकायतों और कथित लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए।

ऑडियो रिकॉर्डिंग से भी खुलेगा राज

विजिलेंस को जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। इनमें कुछ अभियंताओं की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल बताई जा रही हैं। इन रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर अभियंताओं की दलालों, कुछ कथित पत्रकारों और शिकायतकर्ताओं से बातचीत दर्ज है। अब इन रिकॉर्डिंग और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।

18 कथित पत्रकार भी जांच के दायरे में

जांच का दायरा एलडीए अधिकारियों तक सीमित नहीं है। आईजीआरएस पोर्टल पर सबसे ज्यादा अवैध निर्माण की शिकायतें करने वाले 18 कथित पत्रकारों की भूमिका भी जांची जा रही है। विजिलेंस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिकायतें वास्तविक थीं या इनके पीछे दबाव अथवा निजी लाभ का मकसद था।

अग्निकांड के बाद निलंबित किए गए इंजीनियरों की कार्यप्रणाली और संबंधित फाइलें भी जांची जा रही हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.