जेल में आजम खान की हालत पर फूटा शिवपाल का गुस्सा, बोले- ‘सपा सरकार बनते ही गृहमंत्री बनेंगे’
Rampur News: रामपुर जेल में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) से मुलाकात के बाद शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Yadav) ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। बुधवार को जेल पहुंचे शिवपाल ने आजम खान की हालत को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।
शिवपाल यादव ने कहा कि इतने बड़े और वरिष्ठ नेता को जमीन पर लिटाया जा रहा है और दवाइयों तक का उचित इंतजाम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में विधायकों और वरिष्ठ बंदियों को मिलने वाली सुविधाएं भी आजम खान को नहीं दी जा रही हैं। इसी को लेकर उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को ‘अंधी, बहरी और बेईमान’ तक कह दिया।
‘अखिलेश मुख्यमंत्री बनेंगे, आजम खान गृहमंत्री’
आजम खान से मुलाकात के बाद जेल से बाहर निकले Shivpal Yadav ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को मुख्यमंत्री बनाना है।
इसी दौरान आजम खान के समर्थकों ने नारा लगाते हुए कहा कि सरकार बनने पर आजम खान को रक्षामंत्री बनाया जाए। इस पर शिवपाल यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि ‘पहले आजम खान को गृहमंत्री बनाना है।’
शिवपाल के इस बयान के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है। इसे सपा की आगामी राजनीति और आजम खान को लेकर पार्टी के रुख से जोड़कर देखा जा रहा है। शिवपाल पहले भी कह चुके हैं कि सपा की सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और बेटे से भी मिले
जेल जाने से पहले Shivpal Yadav ने आजम खान की पत्नी तज़ीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम खान से भी मुलाकात की। उन्होंने आजम के घर करीब 50 मिनट बिताए। इसके बाद वह जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे और वहां के प्रबंधन के साथ बैठक की।
बैठक में विश्वविद्यालय को निगम की ओर से भेजे गए नोटिस को लेकर जानकारी ली गई। माना जा रहा है कि शिवपाल यादव ने जौहर विश्वविद्यालय को लेकर पार्टी की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
Also Read: ‘सपा सत्ता में आई तो संभल के मुकदमे वापस होंगे’, 2027 से पहले शिवपाल का बड़ा ऐलान

