‘मुझे कलंक से बचाओ…’, पुराने विवाद याद कर इमोशनल हुए भोजपुरी स्टार पवन सिंह
Entertainment News: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आ रहे हैं।
अभिनय और गायकी के साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे पवन सिंह ने शो के हालिया एपिसोड में अपने राजनीतिक सफर और पुराने विवादों को लेकर खुलकर बात की।
इस दौरान वह भावुक हो गए और भगवान से खुद को ‘कलंक और दाग’ से बचाने की प्रार्थना करते नजर आए।
शो में बिहार के कुछ नेताओं ने पवन सिंह से पूरी तरह राजनीति में आने को लेकर बातचीत की।
नेताओं ने उन्हें समझाया कि राजनीति में विवाद और आरोप लगते रहते हैं, इसलिए हर मुद्दे का जवाब देने और चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है।
इस बातचीत के दौरान पवन सिंह ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभवों को याद किया। मार्च 2024 में बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था।
हालांकि, उम्मीदवारी के ऐलान के तुरंत बाद उनके एक पुराने गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

‘मेरे पास सिर्फ दुआ की दौलत है’
पवन सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि उनके पास ज्यादा कुछ नहीं है, उनके पास सिर्फ दुआ की दौलत है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें महंगी गाड़ियों का शौक जरूर है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी इच्छा यह है कि हर माता-पिता अपने बेटे के बारे में कहें कि उन्हें पवन सिंह जैसा बेटा चाहिए।
अपनी बात रखते हुए पवन सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह बहुत सोचते हैं, संकोच करते हैं और डरते भी हैं।
इसके बाद उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा, ‘हे प्रभु, हमें कलंक और दाग से बचाइए।’
निजी जिंदगी भी विवादों में रही
पवन सिंह का निजी और पेशेवर जीवन कई बार विवादों में रहा है। अक्षरा सिंह के साथ उनके रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर लंबे समय तक चर्चा हुई।
पत्नी ज्योति सिंह के साथ उनके रिश्ते और तलाक का मामला भी सुर्खियों में रहा है।
इसके अलावा स्टेज शो के दौरान महिला कलाकारों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार के आरोप भी उन पर लग चुके हैं।
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव के साथ उनका विवाद भी अक्सर चर्चा में रहता है।
पवन सिंह के लिए राजनीति का सफर भी आसान नहीं रहा है। पुराने विवादों के बीच अब शो में उनका भावुक अंदाज और ‘कलंक से बचाने’ की अपील चर्चा का विषय बन गई है।

