नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, निहंग सिख ने कृपाण से किया वार, अस्पताल में भर्ती

Sukhbir Singh Badal: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किया गया। घटना शहर के बाहरी इलाके में स्थित माता साहिब गुरुद्वारे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक निहंग सिख ने कृपाण से बादल पर वार किया। हमले में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है।

बताया जा रहा है कि सुखबीर बादल अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक हमलावर ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया। बादल के बाएं हाथ में चोट लगी है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

हमलावर हिरासत में, पूछताछ जारी

हमले के तुरंत बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों और हमले के कारणों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की ओर से हमले की वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बादल की चोट कितनी गंभीर है और उनकी मेडिकल रिपोर्ट में क्या सामने आया है, इसकी भी आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।

पटना साहिब में किए थे दर्शन

हमले से पहले गुरुवार सुबह सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ तख्त श्री पटना साहिब पहुंचे थे और वहां दर्शन किए थे। इसके बाद वे नांदेड़ पहुंचे थे, जहां गुरुद्वारे के पास यह घटना हुई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.