US में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर ने की मां और भाई की हत्या, ChatGPT से पूछा ‘परिवार को कैसे मारें’

Arjun Aravind: अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एक्टन निवासी अर्जुन पर दो हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मृतकों की पहचान उसकी मां 45 वर्षीय सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक वारदात मंगलवार को एक्टन स्थित परिवार के मार्था लेन वाले घर में हुई। घटना के बाद अर्जुन अपनी मां की कार लेकर वहां से फरार हो गया। वहीं आरोपी के पिता ने पुलिस को सूचना दी थी, क्योंकि वह पत्नी और बच्चों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे।

घर में मिले मां और भाई के शव

पुलिस जब घर पहुंची तो सिद्धार्थ पहली मंजिल पर और सुधा बेसमेंट में मिलीं। दोनों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। जांच के बाद अर्जुन को बुधवार को हिरासत में लिया गया।

अर्जुन पर दो हत्या, परिवार के सदस्य पर हमले की दो धाराओं, मारपीट की दो धाराओं, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने और मोटर वाहन चोरी के आरोप लगाए गए हैं।

ChatGPT से जुड़े सवालों की भी जांच

मिडिलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मारियन रयान के मुताबिक अर्जुन इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक सवाल और कहानियां खोजता था। वह पात्र बनाकर हत्या से जुड़े सवाल पूछता था। हालांकि, मामले में ChatGPT के इस्तेमाल और हत्या के बीच संबंध को लेकर जांच अभी जारी है।

अर्जुन एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल का छात्र है। अब उसे लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। हत्या और अन्य आरोपों पर बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में भी सुनवाई होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.