Bareilly News: घर में घुसकर महिला से मारपीट करने का आरोपी गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना मीरगंज अंतर्गत नगरिया कल्यानपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पप्पू मौर्य पुत्र कन्धई लाल ने 10 अगस्त 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनके घर में अवैध रूप से प्रवेश कर उनकी माता प्रेमवती के साथ गंभीर रूप से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 की बढ़ोत्तरी की गई। वांछित आरोपियों की धरपकड़ में जुटी मीरगंज पुलिस टीम को 13 अगस्त 2026 को सफलता मिली। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक राजवीर सिंह और मुख्य आरक्षी मुकुल प्रताप सिंह की टीम ने सिंधौली जाने वाले रास्ते से वांछित अभियुक्त राजेश उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान 42 वर्षीय आरोपी राजेश उर्फ राजू (पुत्र मंगलीराम, निवासी नगरिया कल्यानपुर) ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपने की फिराक में घूम रहा था। मीरगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सभी आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: रांची में विधानसभा घेराव करने वाले 600 प्रदर्शनकारियों पर FIR, 100 नामजद

