Bareilly News: देशभक्ति के रंग में निकला तिरंगा यात्रा, DM अविनाश सिंह ने दिखाई हरी झंडी

Bareilly News: 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बरेली जनपद में माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य विशाल तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी यात्रा को बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरी रैली के दौरान गूंजते देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज ने पूरे मार्ग को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया।

गांधी उद्यान से शुरू होकर शहीद स्तंभ पर संपन्न हुई यात्रा

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह तिरंगा रैली प्रातः 8:30 बजे गांधी उद्यान से प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा जिला जज आवास, सर्किट हाउस रोड और सर्किट हाउस चौराहे से गुजरती हुई आयुक्त कार्यालय स्थित ‘शहीद स्तंभ’ पर जाकर गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। रास्ते भर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

देशभक्ति के रंग में निकला तिरंगा यात्रा, DM अविनाश सिंह ने दिखाई हरी झंडी

छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भरी देशभक्ति की हुंकार

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े लगभग 2500 छात्र-छात्राओं और 500 से अधिक शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चों का जोश और अनुशासन देखते ही बन रहा था।

विशाल तिरंगा यात्रा का कुशल संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस भव्य आयोजन को सुचारू एवं सफल बनाने में राजकीय नोडल प्रधानाचार्य डॉ. लोकेश चंद्र, डॉ. राजेश सक्सेना, डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य, मनोज दिवाकर, संजय सिंह तथा माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक वीरेंद्र कुमार का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: फर्जी आदेश से लखनऊ में 2000 करोड़ की सरकारी जमीन हड़पने की कोशिश, जांच के घेरे में 10 अफसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.