कुशीनगर में दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म, ज्यादा ब्लीडिंग से बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज रेफर
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मूक-बधिर और दिव्यांग नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी बुधवार दोपहर खेत की ओर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद वह घबराई हालत में घर लौटी। उसके कपड़ों पर खून लगा था।
किशोरी जन्म से ही मूक-बधिर और मानसिक रूप से दिव्यांग है। वह घटना के बारे में बोलकर जानकारी नहीं दे सकी। मां ने इशारों के जरिए उससे जानकारी लेने की कोशिश की। इसके बाद उसे रामकोला सीएचसी ले जाया गया। अधिक रक्तस्राव होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अपने स्तर से कर रही जांच
रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। अभी परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे मामले में आरोपी पर FIR
कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में भी एक मूक-बधिर युवती से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय युवती खेत में घास काटने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान तिवारी मुसहर ने उसके साथ घटना को अंजाम दिया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी शनि जावला के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: 12 साल की उम्र से पिता कर रहा था दुष्कर्म, मां ने कराया अबॉर्शन, FIR दर्ज

