1.40 करोड़ की ठगी से परेशान डॉक्टर ने 8वीं मंजिल से कूदकर दी जान, जेब से मिला सुसाइड नोट

Gorakhpur News: गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में गुरुवार को 45 वर्षीय पशु चिकित्सक परमात्मा सिंह की मौत से सनसनी फैल गई। डॉक्टर ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को उनकी जेब से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने कथित तौर पर 1.40 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में आरोपी महिला गरिमा सिंह को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

पुलिस के मुताबिक, परमात्मा सिंह महराजगंज के नौतनवा में तैनात थे। वह पत्नी डॉ. सुमित्रा सिंह, 12 वर्षीय बेटे और सात वर्षीय बेटी के साथ राजेंद्र नगर स्थित बसंत इनक्लेव में रहते थे।

बैंक लोन के नाम पर ठगी का आरोप

परमात्मा सिंह ने 5 अगस्त को एम्स थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि गरिमा सिंह ने होम लोन बंद कराने का झांसा देकर उनसे छह बैंकों से पर्सनल लोन करवाया और करीब 1.40 करोड़ रुपये ले लिए। शुरुआत में दो महीने तक EMI भरने के बाद उसने भुगतान बंद कर दिया।

डॉक्टर ने शिकायत में गरिमा के सहयोगी विशाल यादव और कुछ बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने धमकी मिलने की बात भी कही थी।

गरिमा और पिता पहले ही जेल में

पुलिस के अनुसार, गरिमा सिंह और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह को 3 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ध्रुव नारायण रेलवे में स्टेशन अधीक्षक था और गिरफ्तारी के बाद उसे निलंबित कर दिया गया।

पुलिस का दावा है कि गरिमा ने लोन दिलाने और माफ कराने के नाम पर डॉक्टरों व अधिकारियों से करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी की है। उसके पास से मिली डायरी में अप्रैल-मई 2026 तक 100 करोड़ रुपये कमाने का लक्ष्य लिखे होने की बात भी सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

Also Read: कुशीनगर में दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म, ज्यादा ब्लीडिंग से बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज रेफर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.