ओपी राजभर और बेटे को जान से मारने की मिली धमकी, दफ्तर में तानी पिस्टल, सपाई पर लगाया आरोप

Om Prakash Rajbhar: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश कार्यालय में घुसकर नेताओं से अभद्रता और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी की ओर से पुलिस को शिकायत भी दी गई है।

पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप

डॉ. अरविंद राजभर के मुताबिक, राशिद अली नाम का व्यक्ति पार्टी कार्यालय पहुंचा और कार्यालय प्रभारी के केबिन में जाकर बहस करने लगा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज की और मंत्री ओम प्रकाश राजभर व अरविंद राजभर को लेकर अभद्र टिप्पणियां कीं।

पार्टी का आरोप है कि आरोपी ने खुद को समाजवादी पार्टी का समर्थक बताया और कहा कि ओम प्रकाश राजभर व अरविंद राजभर से कह दिया जाए कि सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ बयान न दें। विरोध करने पर उसने कार्यालय प्रभारी से मारपीट की और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। लोगों के जुटने पर वह मौके से भाग गया।

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

अरविंद राजभर ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने पुलिस से यह भी पता लगाने की मांग की कि आरोपी अकेले आया था या उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की भूमिका है।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि आरोपी सपा का कार्यकर्ता है और उनके बेटे को धमकाने के इरादे से कार्यालय पहुंचा था। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच मुद्दों के आधार पर होनी चाहिए। पुलिस शिकायत के बाद अब जांच और आरोपी की भूमिका स्पष्ट होने का इंतजार है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.