मल्लिकार्जुन खड़गे के सपोर्ट में आए अखिलेश, कहा- ‘मंच नहीं, BJP अपना गंदा मन साफ करें’

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) की रैली के बाद रामलीला मैदान के मंच के कथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इसे सामाजिक भेदभाव का बेहद घटिया रूप बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जिस मंच से खड़गे ने भाषण दिया, उसका कथित तौर पर इसलिए शुद्धीकरण किया गया क्योंकि वह दलित समाज से आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंच धोने के बजाय अपने ‘गंदे और कलुषित मन’ को गंगाजल से साफ करना चाहिए।

Akhilesh Yadav ने यह भी कहा कि सामाजिक दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न का जवाब अब पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज एकजुट होकर देगा। उनके मुताबिक, पीडीए समाज अब अपना अपमान चुपचाप सहने के मूड में नहीं है।

खड़गे बोले- ‘मेरा अपमान किया गया’

राज्यसभा में भी यह मुद्दा उठा। खड़गे ने कहा कि वह अपने एससी होने को मुद्दा नहीं बनाते, लेकिन उनके भाषण के बाद मंच का शुद्धीकरण कर उनका अपमान किया गया।

खड़गे के मुताबिक, उन्होंने हल्द्वानी की रैली में किसी धर्म या समाज का नाम लिए बिना जनता की समस्याओं पर बात की थी। इसके बावजूद अगले दिन उसी मंच पर हवन कर शुद्धीकरण किया गया।

आखिर क्यों कराया गया शुद्धीकरण?

दरअसल, खड़गे की रैली के बाद श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से रामलीला मैदान में शुद्धीकरण यज्ञ कराया गया था। संगठन के सदस्यों ने खड़गे के पुराने कथित सनातन विरोधी बयानों का हवाला देते हुए कहा कि रामलीला मंचन से जुड़े मैदान में ऐसे व्यक्ति की सभा के बाद शुद्धीकरण जरूरी था।

वहीं कांग्रेस के अनुसूचित मोर्चे ने इसे दलित विरोधी मानसिकता बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि इस आयोजन के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका थी।

हालांकि, श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने इन आरोपों को खारिज किया है। संगठन का कहना है कि यज्ञ का उद्देश्य किसी जाति या समुदाय का अपमान करना नहीं, बल्कि खड़गे के पुराने बयानों के विरोध में धार्मिक आस्था के तहत आयोजन करना था।

Also Read: संसद में हंगामे की भेंट चढ़े 173 घंटे, देश को 175 करोड़ रुपये का नुकसान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.