सत्ता की लालसा में देश को बांट दिया, विभाजन पर CM योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
Partition Vibhishika Smriti Diwas: लखनऊ के लोकभवन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1947 के देश विभाजन को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे और उससे हुई त्रासदी के लिए कांग्रेस सीधे तौर पर जिम्मेदार थी। योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने सत्ता हासिल करने की इच्छा में देश को बांट दिया और जनता के भरोसे के साथ विश्वासघात किया।
पाकिस्तान को जमीन देने का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के समय कई ऐसे इलाके पाकिस्तान को दे दिए गए, जिन्हें उसने मांगा तक नहीं था। उन्होंने सिंध और पंजाब का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सत्ता को देशहित से ऊपर रखा गया। योगी ने यह भी कहा कि आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों को भुला दिया गया, जबकि विभाजन कराने वाले लोग सत्ता के केंद्र में रहे।
उन्होंने हाल के बांग्लादेश के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए हिंदुओं पर हुए अत्याचारों को लेकर भी निशाना साधा। योगी ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कुछ लोग ऐसे मामलों पर चुप रहे।
CAA विरोध और इतिहास से सीख लेने की अपील
योगी ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध करने वालों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कानून में किसी की जमीन लेने की बात नहीं थी, फिर भी लखनऊ, मेरठ और कानपुर समेत कई जगह विरोध और हिंसा की कोशिश हुई।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को विभाजन की त्रासदी के बारे में बताने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और स्मार्टफोन के जरिए नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाई बतानी चाहिए। योगी ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
Also Read: जनगणना में पूछे जाएंगे ये 40 सवाल, सरकार ने जारी की पूरी लिस्ट, पहली बार जाति भी बतानी होगी

