हापुड़ में मस्जिद से ATS ने दबोचे दो संदिग्ध, आतंकी कनेक्शन की जांच, सुबह 5 बजे दी दबिश

Hapur News: हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के यूपी एटीएस ने कुरैशियान मस्जिद से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। दोनों युवक सुबह करीब 5 बजे बाइक से शेरपुर गांव पहुंचे थे। बाइक बाहर खड़ी करने के बाद वे मस्जिद के अंदर गए। करीब 10 मिनट बाद एटीएस की टीम वहां पहुंची और दोनों को अपने साथ मेरठ ले गई। उनसे पूछताछ की जा रही है।

मेरठ नंबर की बाइक से पहुंचे थे

मस्जिद इंतजामिया कमेटी के मुताबिक दोनों युवक स्थानीय निवासी नहीं हैं। उनके नाम मोहम्मद समीर और सलमान बताए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनके एक फैक्ट्री में काम करने की जानकारी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

दोनों जिस बाइक से पहुंचे, उस पर मेरठ का नंबर UP-15 A7 1452 लिखा था। बाइक के कुछ नंबर मिटे हुए बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां दोनों की पहचान, मोबाइल फोन, सामान और स्थानीय संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।

आतंकी कनेक्शन की पुष्टि नहीं

शेरपुर में तीन मस्जिदें हैं। दो में CCTV कैमरे लगे हैं, जबकि कुरैशियान मस्जिद में कैमरे नहीं हैं। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि सोशल मीडिया से दोनों युवकों के पकड़े जाने की जानकारी मिली। एटीएस उन्हें अपने साथ ले गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी आतंकी कनेक्शन या अन्य आपराधिक गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.