दिल्ली के 5 प्रमुख ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
Sandesh Wahak Digital Desk: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया है। शुक्रवार को शहर के पांच अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे फोन कॉल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, जिन पांच प्रमुख स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई, उनमें इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा- टर्मिनल 3, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय और दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय शामिल हैं।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों के साथ पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और पूरे परिसरों की सघन जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह है कि प्राथमिक जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
लाल किले को भी निशाना बनाने की मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले इस तरह की दहशत फैलाने की कोशिश की गई हो। इससे पूर्व 3 अगस्त को दिल्ली के मेयर कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले परिसर में सिलसिलेवार विस्फोट करने का दावा किया गया था। ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल हरकत में आए और पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया।
इसके अतिरिक्त 11 जुलाई को भी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आए एक अज्ञात कॉल के जरिए लाल किले को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसे दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया गया था। हालांकि, व्यापक तलाशी अभियान के बाद वह धमकी फर्जी साबित हुई थी।
आगामी 15 अगस्त समारोह को ध्यान में रखते हुए पूरी दिल्ली, विशेषकर लाल किले और हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है तथा हर कॉल और ईमेल की गहनता से तकनीकी जांच की जा रही है।
Also Read: यूपी में महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत, दूसरे मातृत्व अवकाश पर हाईकोर्ट का अहम फैसला

