Lucknow News: एमपी से पिस्टल लाकर कानपुर में सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 4 पिस्टल व मैगजीन बरामद
Lucknow News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को कानपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्त के कब्जे से .32 बोर की 4 अवैध पिस्टल और 4 मैगजीन बरामद की गई हैं।
यह कार्रवाई एसटीएफ मुख्यालय के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और एसटीएफ फील्ड इकाई कानपुर के उप-निरीक्षक राहुल परमार के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी ललित चौहान (पुत्र सुरेंद्र सिंह चौहान), निवासी नगला मान सिंह, औरंगाबाद पटियाली, जनपद कासगंज का रहने वाला है।
एसटीएफ को सूचना मिल रही थी कि आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शस्त्र तस्करों का गिरोह सक्रिय है। इसी कड़ी में 14 अगस्त 2026 को कानपुर यूनिट को गुप्त सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के खरगोन से हथियारों की एक खेप लेकर एक व्यक्ति कानपुर के छावनी क्षेत्र में आने वाला है। एसटीएफ टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए लारमर बाग कॉलोनी के पास, चेतन ग्राउंड (थाना कैंट, कानपुर नगर) से आरोपी ललित चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
15 हजार की पिस्टल 20 हजार में बेचने का खेल
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये हथियार मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के रहने वाले गुरुमीत सरदार नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। इन पिस्टलों की डिलीवरी कानपुर में ‘छोटू’ नाम के शख्स को दी जानी थी। आरोपी के मुताबिक, एमपी में एक पिस्टल 14 से 15 हजार रुपये में मिल जाती है, जिसे वह यूपी में लाकर 20 हजार रुपये प्रति पिस्टल के हिसाब से बेच देता था। पकड़े गए आरोपी ललित चौहान के खिलाफ कानपुर नगर के थाना कैंट में आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 56/2026 पंजीकृत कराया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: दिल्ली के 5 प्रमुख ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

