Bareilly News: भव्य तिरंगा यात्रा के साथ मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
Bareilly News: फरीदपुर तहसील परिसर में शुक्रवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत फरीदपुर में एक अत्यंत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत वंदे मातरम् के सुमधुर गायन के साथ हुई। इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तहसील परिसर से प्रारंभ होकर यह यात्रा निर्धारित मार्गों से गुजरी। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और अखंडता की भावना को सुदृढ़ करना था।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
तिरंगा यात्रा के साथ-साथ तहसील परिसर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी पूरी श्रद्धा और गंभीरता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान 1947 में देश के विभाजन की त्रासदी झेलने वाले लाखों निर्दोष नागरिकों, विस्थापित परिवारों और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की याद में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वक्ताओं ने कहा कि 14 अगस्त का दिन हमें इतिहास के उस भयावह दर्द का अहसास कराता है। यह दिवस हमें संदेश देता है कि हमें जाति, धर्म और भाषा की सीमाओं से परे उठकर समाज में शांति, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। इस गरिमापूर्ण आयोजन में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, उपजिलाधिकारी विदुषी सिंह, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, नायब तहसीलदार कमलेश राजपूत, अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार, खण्ड विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी शीशपाल सिंह, सीडीपीओ रामगोपाल सहित भारी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

