Bareilly News: झारखंड से अफीम लाकर बेचने वाला तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 402 ग्राम अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात्रि थाना सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक तस्कर मादक पदार्थों की खेप लेकर सप्लाई देने जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रामगंगा रेलवे स्टेशन की ओर मदर्स पब्लिक स्कूल के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र (19 वर्ष), पुत्र हरिशंकर, ग्राम खजुवई, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली का रहने वाला है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी नरेंद्र ने स्वीकार किया कि वह झारखंड राज्य से सस्ते दामों में अफीम खरीदकर लाता था और बरेली तथा आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचता था। वह इस बार भी अफीम की सप्लाई देने बरेली आया था, लेकिन माल खपाने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

थाना सुभाषनगर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 563/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस सफल कार्रवाई में थाना सुभाषनगर के निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उप-निरीक्षक प्रसून कुमार, उप-निरीक्षक रोबिन सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, मोहन कुमार और आकाश राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: भव्य तिरंगा यात्रा के साथ मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.