AI स्किल ट्रेनिंग से फ्री ऑनलाइन कोचिंग तक, PM मोदी ने Gen-Z के लिए किए बड़े ऐलान

PM Modi Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सबसे बड़ा लाभार्थी और साधक देश का युवा है। इसलिए विकास के लक्ष्य को युवाओं से जोड़कर आगे बढ़ाना होगा।

पीएम मोदी ने एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देने की बात कही। उन्होंने युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री ने नशे को युवाओं के सामने बड़ा संकट बताया। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का जिक्र किया, जो 100 हफ्ते चलेगा।

कौशल, जनगणना और शिक्षा पर जोर

पीएम मोदी ने युवाओं से जनगणना प्रक्रिया में समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को लागत, गुणवत्ता और कौशल पर ध्यान देना होगा। उन्होंने युवा वर्कफोर्स का कौशल मजबूत करने की जरूरत बताई।

शिक्षा पर पीएम ने कहा कि पिछले 10-12 साल में देश में करीब 650 यूनिवर्सिटीज जुड़ी हैं। 2004 से 2014 के बीच यह संख्या 350 से कम थी। 2014 के बाद मेडिकल सीटें दोगुनी से ज्यादा हुई हैं। उन्होंने कहा कि 35 साल बाद नई शिक्षा नीति शुरू हुई है।

2036 ओलंपिक के लिए टैलेंट हंट

खेलों पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का दावेदार है और 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भी कर रहा है। उन्होंने बताया कि 300 से ज्यादा ओलंपिक इवेंट्स में भारत करीब दो-तिहाई में हिस्सा नहीं लेता। 2036 तक इन क्षेत्रों में क्षमता बढ़ाने के लिए 5 से 15 साल के बच्चों में प्रतिभा खोजने का टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा।

पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में नक्सलवाद पर काबू पाया गया है। अब ‘दिमागी नक्सलियों’ यानी नक्सली सोच रखने वालों को पहचानकर अलग-थलग करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हथियारबंद नक्सलियों को जंगलों से खत्म करने में सफलता मिली है, लेकिन ऐसी विचारधारा अब भी मौजूद है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.