स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा तोहफा… हाउस, वाटर और सीवर टैक्स के ब्याज पर 100% छूट

Moradabad News: मुरादाबाद नगर निगम ने करदाताओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश सरकार और नगर निगम ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर एकमुश्त समाधान योजना (OTS) शुरू की है। योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी।

इसके तहत 1 अप्रैल 2026 तक के बकाया गृहकर, जलकर और सीवर कर के ब्याज और सरचार्ज पर 100% छूट मिलेगी। महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

शहर में कुल 1,59,949 भवन पंजीकृत हैं। इनमें 71,612 बकायेदार हैं। इनके कुल 64.02 करोड़ रुपये के ब्याज को माफ किया जाएगा। आवासीय श्रेणी के 57,297 भवनों पर 24.71 करोड़ और गैर-आवासीय श्रेणी के 14,315 भवनों पर 39.31 करोड़ रुपये का ब्याज माफ होगा।

एकमुश्त भुगतान जरूरी, 70 करोड़ राजस्व का लक्ष्य

योजना का लाभ आवासीय और व्यावसायिक दोनों संपत्तियों को मिलेगा। हालांकि, 100% ब्याज माफी केवल एकमुश्त भुगतान पर मिलेगी। किश्तों में भुगतान करने वालों को यह लाभ नहीं मिलेगा।

नगर निगम को बकायेदारों से करीब 70 करोड़ रुपये मूल राजस्व मिलने की उम्मीद है। पिछले वित्तीय वर्ष में 165 करोड़ रुपये टैक्स जमा हुआ था। अब इसे बढ़ाकर 225 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है।

ऑनलाइन भुगतान और विशेष कैंप

अगले सप्ताह से सभी वार्डों में विशेष कर शिविर लगाए जाएंगे। भुगतान टाउनहॉल, जोनल कार्यालय और एकल खिड़की पर किया जा सकता है। ऑनलाइन भुगतान के लिए tax.onlinemnn.com पोर्टल उपलब्ध है। मांग बिल न होने पर राजस्व निरीक्षक से इसे लिया जा सकता है। UID देकर ‘नील’ यानी शून्य बकाया की रसीद भी मिलेगी।

आवेदन की अवधि 15 अगस्त से 14 नवंबर और भुगतान की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 है। इसके बाद बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने समेत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.