Bareilly News: एक शाम शहीदों के नाम में गूंजा देशभक्ति का स्वर, कवियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Bareilly News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एक शाम शहीदों के नाम का सफल आयोजन किया गया। पंडित राधेश्याम कथावाचक सभागार (जीआईसी ऑडिटोरियम) में आयोजित इस समारोह में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों और कवियों ने अपनी ओजस्वी रचनाओं से स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को याद किया।

समारोह का शुभारंभ डॉ. शुभम त्यागी की सुमधुर सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद असद महताब ने पंक्तियां पढ़ते हुए कहा- ये संतों की जमीं है, जहाँ हिंदुस्तान बसता है। कहीं पर राम बसता है, कहीं रहमान बसता है।

एक शाम शहीदों के नाम में गूंजा देशभक्ति का स्वर, कवियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मंच से कवि मनवीर मधुर ने सुनाया- “दोनों ही पक्ष आये हैं तैयारियों के साथ, एक गर्दनों के साथ है एक आरियों के साथ।” कवि अमित शुक्ला की पंक्तियां “लिपटकर तिरंगे में जां सो रही थी, उधर भारती माँ बहुत रो रही थी…” और “अजीब है उनकी ये मोहब्बत कि ज़ख्म देकर भी रो रहे हैं…” ने सभी का दिल छू लिया।

इसी क्रम में कवि उपेंद्र पाण्डेय ने अपनी काव्य पंक्तियां- “निगाहेँ झुकती हैं सजदे में, वहाँ सम्मान क्या होगा…” से सीमा पर तैनात वीर जवानों के त्याग को नमन किया। वहीं मुकेश कमल ने सैनिकों को नमन करते हुए सुनाया- “मन के ये भाव सारे चरणों में उनके अर्पित…”। सुदीप भोला के शेर- “वतन की देहरी के प्रहरी सो गए नींद गहरी…” ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया।

एक शाम शहीदों के नाम में गूंजा देशभक्ति का स्वर, कवियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कवि सम्मेलन के दौरान देशप्रेम, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय अखंडता से ओत-प्रोत काव्य पाठ हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह में असीम देशभक्ति का संचार किया। इस संगोष्ठी का कुशल एवं प्रभावी संचालन मनवीर मधुर और रोहित राकेश ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, विधायक डी. सी. वर्मा, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, एडीजी रमित शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य तथा एडीएम पूर्णिमा सिंह सहित प्रशासन के कई आला अधिकारी व भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: बेल्जियम के जंगलों में लगी भीषण आग ने मचाई तबाही, 600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.