Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस पर समर विहार में गूंजा देशभक्ति का संदेश, युवाओं की बेचैनी पर उठे सवाल

Lucknow News: आलमबाग स्थित समर विहार कॉलोनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में परंपरा के अनुसार, वयोवृद्ध प्रो. पीएन सिंह ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ और बाद में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन हुआ।

ध्वजारोहण के बाद अतिथियों का सम्मान किया गया। समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कृपाल सिंह ऐबट ने स्वतंत्रता के बाद देश के विकास, सामाजिक बदलाव और राष्ट्रीय एकता की यात्रा पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है और इसमें देशवासियों के सामूहिक प्रयास की अहम भूमिका रही है।

इस दौरान उन्होंने भारत की शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी मैकॉले के नाम से प्रचलित टिप्पणी का भी उल्लेख किया। रवि श्रीवास्तव ने अपनी रचित देशभक्ति कविता प्रस्तुत की।

युवाओं की बेचैनी पर गंभीर चर्चा

पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी गिरीश मिश्रा ने युवाओं में बढ़ते असंतोष, व्याकुलता और बेचैनी को लेकर विचार रखे।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की समस्याओं को केवल आलोचना के नजरिये से देखने के बजाय उन्हें समझने और सही दिशा देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि तकनीक, सोशल मीडिया, रोजगार की चिंता, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बदलती सामाजिक अपेक्षाएं युवाओं की सोच को प्रभावित कर रही हैं।

ऐसे में परिवार, समाज और शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

गिरीश मिश्रा ने युवाओं से आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ जिम्मेदारियों से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने फैसलों और कर्मों की जिम्मेदारी स्वीकार करना है।

कार्यक्रम के अंत में देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प लिया गया।

Also Read: Bareilly News: एक शाम शहीदों के नाम में गूंजा देशभक्ति का स्वर, कवियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.