अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो सॉन्ग

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर के चढ़ावे और दान राशि को लेकर एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सॉन्ग साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने आम जनता से आह्वान किया है कि वे मंदिर के नाम पर दिए जाने वाले कथित पैसों को कतई स्वीकार न करें और भाजपा द्वारा कोई लालच दिए जाने पर उनसे तीखे सवाल पूछें।

लिखा- नहीं फलेगा ऐसा पैसा

अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी वीडियो के साथ संदेश लिखा कि श्रीराम से घात, धर्म-दान पात्र और भाजपा के पाप का पैसा किसी को नहीं चाहिए। साझा किए गए वीडियो गीत में कहा गया है कि आस्था के नाम पर चुराया गया ऐसा पैसा ज्यादा दिनों तक टिकने वाला नहीं है। सपा प्रमुख ने लोगों से अपील की है कि जब भी भाजपा का कोई प्रतिनिधि उनके पास आए, तो वे उन्हें बैठाकर यह जरूर पूछें कि मंदिर का मान और मर्यादा क्यों गिराई गई।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे, जमीन और दान-पात्र की राशि को लेकर समाजवादी पार्टी और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच पहले भी कई बार जुबानी तीर चल चुके हैं। अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते रहे हैं। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े प्रतिनिधि इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्ष की राजनीतिक हताशा और दुर्भावना से प्रेरित बताते आए हैं।

Also Read: Mathura News: बेकाबू डंपर ने 4 को रौंदा, मासूम बच्ची और युवक की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.