Mathura News: बेकाबू डंपर ने 4 को रौंदा, मासूम बच्ची और युवक की मौत
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार की सुबह एक भीषण और दर्दनाक हादसा सामने आया। थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत औरंगाबाद कस्बे में मिट्टी खनन के काम में लगा एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर काल बनकर आया और उसने सड़क के किनारे खड़े चार लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में परचून की दुकान के पास रुकी बाइक से उतर रहे 20 वर्षीय युवक और टॉफी लेकर लौट रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक की मां सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद औरंगाबाद में तनाव, बाजार बंद
जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय युवक अपनी मां को बाइक पर बिठाकर जा रहा था। औरंगाबाद क्षेत्र में एक परचून दुकान के पास उसने जैसे ही बाइक रोकी, तभी मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी 52 वर्षीय मां को गंभीर चोटें आई हैं। इसी वक्त औरंगाबाद निवासी इमरान की 5 साल की बेटी, जो दुकान से टॉफी लेकर घर लौट रही थी, वह भी बेकाबू डंपर की चपेट में आ गई। डंपर के टायर तले कुचल जाने से उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
सीओ सिटी और पुलिस बल मौके पर
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने औरंगाबाद में सड़क जाम कर दी और बाजार पूरी तरह बंद कर दिया। गुस्साए लोग डंपर चालक और खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। तनावपूर्ण माहौल की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी आशना चौधरी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारी उत्तेजित भीड़ को शांत कराने और उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Also Read: वाराणसी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान यात्री की पिस्टल से चली गोली, महिला सुरक्षाकर्मी समेत दो घायल

