प्रशांत किशोर ने ली बिहार विधानसभा सदस्य की शपथ, कहा- कर्पूरी ठाकुर, नीतीश और लालू की विरासत से मिलेगी प्रेरणा
Sandesh Wahak Digital Desk: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद सोमवार को औपचारिक रूप से बिहार विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली। बिहार विधानसभा के मुख्य भवन स्थित अध्यक्ष कार्यालय कक्ष में आयोजित सादे एवं गरिमामय समारोह में विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) प्रेम कुमार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विशेष अवसर पर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और पार्टी प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
जनता के लिए काम करने की प्रेरणा मिलेगी
विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रशांत किशोर ने इसे अपने लिए बेहद गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जिस सदन में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव जैसे कद्दावर नेताओं ने अपनी सेवाएं दी हैं, वहां का सदस्य बनना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के साथ-साथ सैकड़ों अन्य पूर्व विधायकों ने समाज और प्रदेश की बेहतरी के लिए अपने जीवन के कीमती साल समर्पित किए हैं। उनसे प्रेरणा लेकर वे बिहार की तरक्की और जनता के कल्याण के लिए काम करेंगे। इसी दौरान लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में मची भगदड़ के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी मिली है और वे स्थिति का जायजा लेने वहां जाएंगे।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को बड़े अंतर से हराकर जन सुराज पार्टी के पहले निर्वाचित विधायक बनने का कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जीत इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि चुनावी राजनीति में कदम रखने के बाद प्रशांत किशोर की यह पहली प्रत्यक्ष चुनावी सफलता है। 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद 3 अगस्त को हुई मतगणना में प्रशांत किशोर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः 19,324 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। चुनाव परिणाम में प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 44,827 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की प्रत्याशी रेखा गुप्ता 14,273 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
1995 से चला आ रहा भाजपा का एकाधिकार समाप्त
इस चुनाव परिणाम के साथ ही बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा का करीब तीन दशक (1995 से) पुराना वर्चस्व पूरी तरह खत्म हो गया। बांकीपुर को पारंपरिक रूप से भाजपा का मजबूत किला माना जाता था, जिसे भेदकर जन सुराज ने राज्य की राजनीति में अपना धमाकेदार आगाज़ किया है। इस शपथ ग्रहण के साथ ही प्रशांत किशोर का बतौर विधायक कार्यकाल शुरू हो गया है और उनकी इस जीत ने नवगठित जन सुराज पार्टी को बिहार विधानसभा में पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का ऐतिहासिक अवसर दिया है।
Also Read: Lucknow News: MBBS Abroad पर सेमिनार, NEET छात्रों को विदेश में मेडिकल पढ़ाई के विकल्पों की जानकारी

