सोशल मीडिया पर छाई दिमागी नक्सल पार्टी, 24 घंटे में लाखों फॉलोअर्स

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल करने के बाद सोशल मीडिया पर एक नई लहर दौड़ गई। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की तर्ज पर अब ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से एक इंस्टाग्राम पेज अस्तित्व में आया, जिसने मात्र 24 घंटों में 1 लाख और दो दिनों में 1.8 लाख से अधिक फॉलोअर्स हासिल कर लिए। हालांकि, यह कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री के भाषण से जन्मी एक सोशल मीडिया पहल है, जिसे अब साइबर अटैक के आरोपों के बीच हटा दिया गया है।

पीएम मोदी का दिमागी नक्सल शब्द

प्रधानमंत्री मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा था कि देश ने जंगलों में सशस्त्र नक्सलवाद को पीछे धकेल दिया है, लेकिन दिमागी नक्सली अभी भी वैचारिक स्तर पर युवाओं को गुमराह करने और अशांति फैलाने की कोशिश में हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों को पहचानने और अलग-थलग करने की अपील की।

दिमागी नक्सल शब्द ने विपक्षी दलों में हलचल मचा दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे प्रधानमंत्री की हताशा का संकेत बताया, जबकि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्टीकरण दिया कि यह शब्द विपक्ष के नेताओं के लिए नहीं, बल्कि माओवादियों का समर्थन करने वालों, अलगाववादियों और संविधान न मानने वालों के लिए है।

सोशल मीडिया पर जन्मी दिमागी नक्सल पार्टी

प्रधानमंत्री के भाषण के तुरंत बाद इंस्टाग्राम पर @dimaginaxalparty नाम से एक पेज बनाया गया, जिसने कुछ ही घंटों में लाखों लोगों को अपनी ओर खींच लिया। X (ट्विटर) पर भी ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ नाम से एक अकाउंट (@DNJP_India) बनाया गया, जिसके 7 हज़ार से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हो गए हैं।

पेज के बायो के अनुसार, इसका मोटो है “सोचो। रिसर्च करो। विरोध करो।” पार्टी के संस्थापक को “एक दिमागी भारतीय” और सह-संस्थापक को “56 इंच वाले” व्यक्ति के रूप में दर्शाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि पार्टी खुद को शहीद भगत सिंह की विचारधारा का अनुयायी बताती है और एक पोस्ट में कहा गया है, “हम भगत सिंह के अनुयायी हैं… अगर वे हमारे अकाउंट्स को सस्पेंड करने या हमें देशद्रोही घोषित करने की कोशिश करते हैं, तो जान लें कि वे भगत सिंह का अपमान कर रहे हैं।”

बड़ी हस्तियों ने भी दिखाई दिलचस्पी

यह घटना ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की याद दिलाती है, जो भी एक कथित टिप्पणी पर बनी थी और कुछ दिनों में 2 करोड़ फॉलोअर्स तक पहुंच गई थी। ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ के इंस्टाग्राम पेज ने कई जानी-मानी मुखर हस्तियों को फॉलो किया, जिनमें कुणाल कामरा, श्याम रंगीला, ध्रुव राठी, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, सोनाक्षी सिन्हा, सोनम वांगचुक और रवीश कुमार शामिल हैं।

साइबर अटैक के आरोप के बाद अकाउंट हुआ गायब

तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बीच सोमवार को पार्टी के X हैंडल ने दावा किया कि इंस्टाग्राम पेज पर साइबर अटैक शुरू हो गए हैं। पोस्ट में लिखा गया, इंस्टाग्राम पर हमारे खिलाफ साइबर अटैक शुरू हो चुका है। देखते हैं कि क्या वे हमारी आवाज दबाने में सफल हो पाते हैं! इसके कुछ ही देर बाद ‘Dimagi Naxal Party’ का इंस्टाग्राम पेज ऑफलाइन हो गया और फिलहाल अनुपलब्ध है।

Also Read: सीएम योगी ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि का दिया उपहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.