Bareilly News: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद बरेली में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सीबीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त अनस को पस्तौर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 जून 2026 को पीड़िता के पिता ने सीबीगंज थाने में तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि चन्दपुर काजियान निवासी अनस पुत्र बन्ने उर्फ अफजाल उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर केस में धारा 69 BNS की बढ़ोत्तरी की गई, जबकि अपहृता के बालिग पाए जाने पर धारा 137(2) BNS को हटा दिया गया।

वांछित आरोपी की तलाश में जुटी सीबीगंज पुलिस टीम को 17 अगस्त 2026 को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पस्तौर मोड़ के पास घेराबंदी कर 20 वर्षीय आरोपी अनस को धर दबोचा। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह, उप-निरीक्षक सोमपाल सिंह, कांस्टेबल अंतरिक्ष चौधरी और कांस्टेबल रजत राणा शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सोशल मीडिया पर छाई दिमागी नक्सल पार्टी, 24 घंटे में लाखों फॉलोअर्स

Get real time updates directly on you device, subscribe now.