2014 से अब तक JPSC और TDPL की 44 परीक्षाएं रद्द, JPSC-JSSC में भी होगा बदलाव

Jharkhand Recruitment: झारखंड में लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार देर रात सरकार ने 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का आदेश जारी किया। इन परीक्षाओं में गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं।

सरकार ने इसके लिए आठ अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। इनमें साल 2014 से अब तक झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और आउटसोर्स एजेंसी TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) की ओर से कराई गई परीक्षाएं शामिल हैं।

रद्द की गई परीक्षाओं में कई अहम सरकारी पदों की भर्तियां शामिल हैं। इनमें ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर जैसे पद शामिल हैं।

कई बड़े पदों की भर्ती भी रद्द

सरकार के आदेश के दायरे में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों के लेक्चरर, सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर, असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट समेत कई प्रशासनिक और तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षाएं भी आई हैं।

सरकार ने कहा है कि JPSC और JSSC से जुड़ी अनियमितताओं के मामलों की जल्द सुनवाई के लिए हाईकोर्ट से फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का अनुरोध किया जाएगा। इसके अलावा दोनों आयोगों में आंतरिक विजिलेंस सेल (Vigilance Cell) बनाने की भी तैयारी है, ताकि भविष्य में भर्ती प्रक्रिया में ऐसी गड़बड़ियां न हों।

दो महीने में आएगी सुधार कमेटी की रिपोर्ट

JPSC और JSSC में सुधार के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित कमेटी को अपनी रिपोर्ट दो महीने के भीतर सरकार को सौंपनी है। सरकार इस रिपोर्ट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया में बदलाव और व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

इससे पहले सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार ने JSSC की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया था। यह प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल था।

इसके साथ ही TDPL एजेंसी की ओर से कराई गई सभी परीक्षाओं और उनके जारी किए गए नतीजों को भी रद्द करने का फैसला लिया गया था। अब 44 परीक्षाओं को रद्द करने के ताजा आदेश के बाद झारखंड की भर्ती व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Also Read: दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में बड़ा एक्शन, सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार, 1.52 करोड़ रिश्वत का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.