मुरादाबाद में तेंदुए के हमले से महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस-वन विभाग की टीम पर किया पथराव
Moradabad Leopard Attack: मुरादाबाद जिले के सुरजननगर क्षेत्र के ग्राम बलिया में मंगलवार को तेंदुए के हमले में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची वन विभाग व पुलिस की टीम का विरोध किया।
बलिया गांव निवासी विरमो देवी (60), पत्नी बलराम सिंह सैनी, अन्य महिलाओं के साथ पशुओं के लिए चारा काटने खेत गई थीं। सभी महिलाएं अलग-अलग जगहों पर चारा काट रही थीं। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक विरमो देवी पर हमला कर दिया।
महिला की चीख सुनकर साथ मौजूद महिलाएं और आसपास खेतों में काम कर रहे किसान लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वन विभाग की टीम का विरोध, पथराव से तनाव
विरमो देवी की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम का लोगों ने जमकर विरोध किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम पर पथराव भी कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए के हमले (Leopard Attack) हो रहे हैं, लेकिन उसे पकड़ने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए।
15 दिन में दूसरी महिला की मौत
बलिया की घटना के बाद इलाके में तेंदुए की दहशत और बढ़ गई है। करीब 15 दिन पहले लालापुर पीपलसाना गांव में भी तेंदुए ने संतोष देवी पर हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी।
अब दूसरी महिला की जान जाने के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि खेतों में काम करने वाले किसान, महिलाएं और बच्चे लगातार तेंदुए के खतरे (Leopard Terror) के बीच रहने को मजबूर हैं।
Also Read: लखनऊ में पुलिस पर हमले के बाद पारा में PAC तैनात, 200 भैंसें जब्त, मेयर बोलीं- खाली होगा इलाका

