लखनऊ में 6 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बना मर्डर प्लान, 2 लाख की दी गई सुपारी, 6 गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में मदरसा संचालक इरफान अहमद रिजवी की कथित हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, 6 करोड़ की प्रॉपर्टी पर कब्जे के इरादे से हत्या की योजना बनाई गई थी। मामले में गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।

2 लाख की सुपारी, चोरी की बाइक से रेकी

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मो. शाहिद और मो. जमीर को चोरी की पैशन प्लस बाइक और पिस्टल के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें इरफान अहमद की हत्या के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। हत्या के लिए उन्हें पिस्टल और कारतूस भी उपलब्ध कराए गए थे।

जांच में सामने आया कि बाइक इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी इसी बाइक से रेकी कर रहे थे।

एक महीने से चल रही थी कथित तैयारी

पुलिस के अनुसार, अमन कुरैशी ने पूछताछ में बताया कि सोहैल अहमद सिद्दीकी और मो. फरहान सिद्दीकी ने उसे हत्या के लिए लोगों की व्यवस्था करने को कहा था। आरोप है कि इरफान की तस्वीर भी आरोपियों को पहचान के लिए दी गई थी। संपर्क के लिए अलग मोबाइल और सिम इस्तेमाल करने की योजना थी।

पुलिस के मुताबिक, बिलाल हाशमी मदरसा जामिया अलनूर अल सलामिया का मैनेजर और प्रॉपर्टी डीलर है। जांच में आरोप लगाया गया कि उसे इरफान की संपत्तियों की जानकारी थी और प्रॉपर्टी हासिल करने के उद्देश्य से साजिश रची गई।

छह आरोपी गिरफ्तार

अमन कुरैशी, सोहैल अहमद सिद्दीकी, फरहान सिद्दीकी, बिलाल हाशमी, मो. शाहिद और मो. जमीर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामला बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में दर्ज किया है। शाहिद और जमीर को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Also Read: Bareilly News: तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, कांवड़ यात्रा चेकिंग के दौरान मिली पुलिस को मिली सफलता 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.