Bareilly News: तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, कांवड़ यात्रा चेकिंग के दौरान मिली पुलिस को मिली सफलता

Bareilly News: बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वीरांगना चौक व लालफाटक पुल के पास से एक युवक को अवैध हथियार के साथ धर दबोचा। तलाशी लेने पर अभियुक्त के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी कैंट के निर्देशन में 21 अगस्त को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लहराते हुए लालफाटक अंडरपास की ओर बढ़ रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को रोक लिया। पूछताछ और नियमानुसार ली गई तलाशी में शस्त्र का कोई वैध लाइसेंस न मिलने पर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान शाहजहांपुर के निगोही निवासी राम सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हाल में कैंट क्षेत्र के उमरसिया रोड पर रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप-निरीक्षक त्रिवेंद्र कुमार, राजीव पटेल, हेड कांस्टेबल शकील अहमद और रिक्रूट कांस्टेबल आदित्य कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: CM योगी से मिले जापानी राजदूत, सेमीकंडक्टर से MSME तक निवेश बढ़ाने पर चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.