दो विदेशी जहाजों का अपहरण, 22 भारतीय नाविक सुरक्षित: विदेश मंत्रालय

Sandesh Wahak Digital Desk: समुद्री लुटेरों ने अदन की खाड़ी और सोमालिया तट के पास दो अलग-अलग वाणिज्यिक जहाजों का अपहरण कर लिया है, जिन पर कुल 22 भारतीय नाविक सवार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि अब तक मिली रिपोर्ट के अनुसार सभी 22 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। भारत सरकार और संबंधित अधिकारी उनकी सकुशल रिहाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों व स्थानीय प्राधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।

इरीट्रिया और कैमरून के झंडे वाले पोतों पर हुआ हमला

पहली घटना 20 अगस्त को अदन की खाड़ी में यमन के तट से लगभग 30 समुद्री मील दूर हुई, जहां इरीट्रिया के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘एम टी सिबू 1’ (सीमल) को 6 हथियारबंद लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया। डिस्ट्रेस कॉल भेजने के बाद लुटेरों ने 16 भारतीय नाविकों वाले इस पोत को सोमालिया की ओर मोड़ दिया।

दूसरी घटना 17 अगस्त की है, जब सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास कैमरून के ध्वज वाले पोत ‘एम/वी लुतुफ’ का अपहरण किया गया। इस जहाज पर सवार 10 क्रू मेंबर्स में से 6 भारतीय हैं। कथित तौर पर यह पोत तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए हथियार व उपकरण ले जा रहा था, जिसे 8 सशस्त्र लुटेरे पुंटलैंड के गारमाल तट की तरफ ले गए।

Also Read: राहुल गांधी के धरने के बाद पैलेट गन केस में दर्ज हुई FIR, कौन हुआ नामजद?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.