यूपी में OPS को लेकर शिक्षकों-कर्मचारियों की तिरंगा यात्रा, 26 सितंबर को लखनऊ में बड़ी रैली
Lucknow News: पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता खत्म करने और निजीकरण पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में शिक्षक-कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। अटेवा के आह्वान पर जिला मुख्यालयों पर हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर अपनी मांगें उठाईं। इस दौरान OPS बहाली और निजीकरण के खिलाफ नारे लगाए गए।
लखनऊ में विजय कुमार बन्धु ने सरकार को घेरा
लखनऊ में यात्रा कर्मचारी नेता स्वर्गीय बीएन सिंह की प्रतिमा से शुरू हुई। इसमें कई शिक्षक और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने कहा कि पुरानी पेंशन खत्म होने से कर्मचारियों का बुढ़ापा असुरक्षित हो गया है। TET की अनिवार्यता से शिक्षकों के सामने नई परेशानी खड़ी हुई है, जबकि निजीकरण का असर आम जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने अर्द्धसैनिक बलों को OPS से बाहर रखने पर भी सवाल उठाया। बन्धु ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर 26 सितंबर को लखनऊ में विशाल रैली की जाएगी।
कर्मचारी संगठनों ने भी रखी अपनी बात
अटेवा के प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने सरकार से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। पंचायती राज सफाई कर्मचारी एसोसिएशन के वरिष्ठ नेता रामेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव के समय शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। राजकीय नर्सेज संघ के नेता अशोक कुमार ने कोरोना काल में कर्मचारियों की सेवाओं का हवाला देते हुए उनकी मांगें पूरी करने की बात कही।
Also Read: मुजफ्फरनगर में नाबालिग से दरिंदगी, वीडियो बनाकर धमकाया, आरोपी हिरासत में

