Gen-Z पर BJP का फोकस, नितिन नवीन ने बनाई खास टीम, स्मृति ईरानी और तावड़े शामिल
BJP Gen Z Outreach: भारतीय जनता पार्टी (BJP) देश के युवाओं और Gen Z तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी ने इसके लिए एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम की योजना बनाई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अभियान का मकसद युवाओं की उम्मीदों, चिंताओं और जरूरतों को समझना और उन्हें शीर्ष नेतृत्व से सीधे जोड़ना है।
इसके लिए बनाई गई केंद्रीय टीम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को शामिल किया गया है। गुजरात सरकार के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री ओपी चौधरी भी टीम का हिस्सा हैं।
पहली बार वोट देने वालों पर खास नजर
इस अभियान के जरिए पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और युवा मतदाताओं के साथ संवाद, चर्चा और अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रोजगार, शिक्षा, तकनीक और स्टार्टअप जैसे मुद्दों पर युवाओं की राय जानकर उसे पार्टी के एजेंडे में शामिल करने की कोशिश होगी।
यह पहल नितिन नवीन की नई केंद्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद हुई पहली बैठक के तुरंत बाद सामने आई है। नई टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल को महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। स्मृति ईरानी, बिप्लव कुमार देव और सतीश पूनिया को भी महासचिव बनाया गया है। पीयूष गोयल को नया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। पार्टी जल्द Gen Z अभियान की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर सकती है।
इसी बीच अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को IT विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। गुजरात के हेमांग जोशी को युवा मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है, उन्होंने तेजस्वी सूर्या की जगह ली है।

