लखनऊ हत्याकांड: फोरेंसिक जांच के बाद मानस का घर सील, रेस्टोरेंट पर ताला, हथियार कनेक्शन की तलाश

Lucknow Double Murder Case: लखनऊ के गोमतीनगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल पर दिनभर जांच की। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने मानस के मकान को सील कर दिया है।

हुसड़िया चौराहे के पास स्थित इस मकान के बाहर अब पुलिस का पहरा है और आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है। घर के बाहर चल रहा रेस्टोरेंट भी बंद है। इसके अलावा किराए पर चल रही दुकानों के शटर भी घटना के बाद से बंद पड़े हैं।

घर के हर हिस्से से जुटाए गए साक्ष्य

फोरेंसिक टीम ने घर के कमरों, किचन और बाथरूम तक की जांच की। मौके से खून के धब्बे, कपड़े और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पुलिस अब इन साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पड़ोसियों के मुताबिक, मानस ने घर के काम के लिए एक महिला को रखा हुआ था, जो साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती थी। घटना के बाद से वह भी घर नहीं आ रही है। पुलिस उससे पूछताछ करने की तैयारी में है, क्योंकि वह घर के अंदर की परिस्थितियों को लेकर अहम जानकारी दे सकती है।

तीन दिन बाद भी असलहा सप्लायरों का सुराग नहीं

हत्याकांड (Lucknow Murder Case) की जांच में पुलिस के सामने अब हथियारों का कनेक्शन भी अहम हो गया है। पुलिस अभी तक उन लोगों तक नहीं पहुंच सकी है, जिन्होंने मानस को तीन असलहे उपलब्ध कराए थे। जांच में बरामद पिस्टल के मुंगेर निर्मित होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि हथियार मुंगेर गैंग से जुड़े किसी व्यक्ति के जरिए खरीदे गए होंगे।

पुलिस ने मानस के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी मंगवाई है, जिसके सोमवार तक मिलने की उम्मीद है। इसके आधार पर पुलिस संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल करेगी। फिलहाल कई संदिग्ध पुलिस के रडार पर हैं और जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

Also Read: ‘साइको था पति, इसलिए अलग रह रही थी दिव्या…’, लखनऊ डबल मर्डर केस में बहन के दावे से बदली कहानी!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.