‘साइको था पति, इसलिए अलग रह रही थी दिव्या…’, लखनऊ डबल मर्डर केस में बहन के दावे से बदली कहानी!
Lucknow Double Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर (Gomtinagar) में हुए डबल मर्डर और सुसाइड केस ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। SBI में कार्यरत मानस बाजपेयी ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (Divya Mishra) की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर लौटकर अपनी बहन की जान लेने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद मानस के वॉट्सऐप स्टेटस में पत्नी पर धोखा देने का आरोप सामने आया था। अब दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा (Pragya Mishra) की सोशल मीडिया पोस्ट ने मामले में एक अलग पक्ष सामने रखा है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
‘पति की हरकतों की वजह से अलग रह रही थी बहन’
प्रज्ञा मिश्रा ने दावा किया कि दिव्या अपने पति और ननद से जुड़े विवादों के कारण करीब एक साल से अलग रह रही थीं। उनके मुताबिक, दिव्या गोमतीनगर स्थित ICICI Bank में डिप्टी मैनेजर थीं और घटना वाले दिन भी रोज की तरह काम पर गई थीं।
प्रज्ञा ने आरोप लगाया कि दिव्या के बैंक लौटने के दौरान मानस उनका पीछा कर रहा था और बैंक के बाहर ही उसने हमला कर दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने घटना को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। पुलिस अब इन दावों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
मानस के WhatsApp Status में क्या था?
पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद और खुदकुशी से पहले मानस ने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और खुद को तथा अपनी बहन को भी मारने की बात लिखी थी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने जब यह स्टेटस देखा, तब तक वारदात हो चुकी थी। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर मानस और उसकी बहन मृत मिले। पुलिस के अनुसार, मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
करीब एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

Lucknow Double Murder Case में पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे थे और तलाक की कानूनी प्रक्रिया भी चल रही थी। पुलिस को घर से इससे जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
दिव्या के परिवार ने भी दावा किया है कि दोनों के रिश्ते लंबे समय से खराब थे। वहीं मानस की बहन शीबा बाजपेई के बारे में बताया गया है कि वह पिछले करीब तीन साल से डिप्रेशन का इलाज करा रही थीं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपनी बहन को निशाना क्यों बनाया।
पुलिस खंगाल रही हर कड़ी
लखनऊ पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों, फॉरेंसिक जांच, वॉट्सऐप स्टेटस, तलाक से जुड़े दस्तावेज और दोनों परिवारों के बयानों को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मृतका की बहन प्रज्ञा के सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि Lucknow के इस Double Murder Case की वास्तविक वजह क्या थी।
Also Read: चलती कार में मां की हत्या कर प्रेमी संग गंगनहर में फेंका शव, 200 CCTV से खुला राज

