यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विपक्ष हमलावर

Unnao News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजने के बावजूद वे सलामी मंच से उठकर रवाना होते दिख रहे हैं। इस घटना को लेकर उन पर संवैधानिक पद की मर्यादा का उल्लंघन करने और राष्ट्रगान का अनादर करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

कार्यक्रम के बीच से गाड़ी में हुए रवाना

यह पूरा घटनाक्रम उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन का है, जहां सतीश महाना बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्हें वहां गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आरोप है कि जब जन-गण-मन चल रहा था, तब वे 52 सेकेंड रुकने के बजाय बीच में ही अपनी कार में सवार होकर निकल गए। उनके साथ उनके समर्थक भी रवाना हो गए।

कांग्रेस और आप ने भाजपा को घेरा

इस वीडियो के सामने आते ही विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए फेसबुक पोस्ट में सवाल किया कि क्या राष्ट्रगान के दौरान इस तरह चले जाना अपमान श्रेणी में नहीं आता?

आम आदमी पार्टी ने वीडियो जारी करते हुए पूछा कि राष्ट्रगान का अनादर करने वाले अपने वरिष्ठ नेता के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी क्या कदम उठाएगी?

आयोजकों ने दी सफाई

विवाद बढ़ता देख कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने विधानसभा अध्यक्ष का बचाव किया है। उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि जिस स्थान पर महाना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, वहां वास्तव में राष्ट्रगान नहीं बज रहा था। राष्ट्रगान का आयोजन अंदर सभागार (ऑडिटोरियम) में चल रहा था, जिसकी केवल आवाज बाहर तक आ रही थी। आयोजकों के अनुसार यह पूरी स्थिति महज एक गलतफहमी के कारण पैदा हुई है।

Also Read: Lucknow News: चिनहट में हाईकोर्ट के निजी सचिव के घर लाखों की चोरी: CCTV में दिखे 2 संदिग्ध

Get real time updates directly on you device, subscribe now.